चांडिल डकैती कांड का खुलासा: कूरियर डिलीवरी बॉय निकला मुखबिर, 24 लाख के जेवरात बरामद, दो गिरफ्तार

Chandil (चांडिल) :  सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बस स्टैंड के पास पूर्व आभूषण व्यवसायी उमंग चौधरी के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 9 अक्टूबर की रात हथियारों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के आभूषण लूटने की घटना की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किए हैं।

Chandil: चांडिल में थाने से 100 मीटर दूर पूर्व जौहरी के घर भीषण डकैती: परिवार को बंधक बनाकर आभूषण लूटे

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि घर की जानकारी अपराधियों तक पहुंचाने का आरोप इलाके में पार्सल डिलीवरी करने वाले एक युवक पर है। पुलिस के अनुसार, स्थानीय निवासी राहुल कुमार महतो ने कथित तौर पर डकैती की योजना बनाने वाले गिरोह को घर और इलाके की जानकारी उपलब्ध कराई थी।

जेल में हुई पहचान, फिर बनाई डकैती की योजना

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने सुकसारी निवासी राहुल कुमार महतो को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान राहुल ने बताया कि वर्ष 2022-23 में जमशेदपुर की घाघीडीह जेल में बंद रहने के दौरान उसकी पहचान कथित रूप से कुख्यात डकैत मोहिउद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी से हुई थी। इलाके की भौगोलिक स्थिति से परिचित होने के कारण उसने उमंग चौधरी के घर को निशाना बनाने का सुझाव दिया था। इसके बाद कथित तौर पर गिरोह के सदस्यों ने वारदात को अंजाम दिया।

धनबाद से जेवरात खरीदने वाला आरोपी भी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने धनबाद जिले के बरोरा निवासी त्रिवेणी प्रसाद स्वर्णकार को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उस पर लूटे गए आभूषण खरीदने का आरोप है। उसकी निशानदेही पर बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के सामान बरामद किए गए।

बरामद सामानों में 5,142 ग्राम गलाया हुआ चांदी, 80 ग्राम गलाया हुआ सोना, ब्रिटिश काल के 32 ऐतिहासिक चांदी के सिक्के, पीपल के पत्ते के आकार के दो चांदी के स्वास्तिक और हीरे जैसे छोटे पत्थरों के 11 नग शामिल हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

मुख्य आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं

पुलिस के अनुसार, डकैती में शामिल मुख्य आरोपियों को इससे पहले हजारीबाग जिले के चौपारण क्षेत्र में गिरफ्तार किया जा चुका है। ताजा कार्रवाई के बाद मामले की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

इस पूरे अभियान में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) दुसरू बानसिंह, नक्सल शाखा प्रभारी राजेश कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक राजू, चांडिल अंचल निरीक्षक रवि कुमार सिंह और थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी समेत विभिन्न थानों के प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी तथा तकनीकी शाखा के कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।

पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को राहत मिली है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

http://Saraikela: चौका व आदित्यपुर पुलिस की संयुक्त छापेमारी पहचान बदलकर रह रहा डकैती कांड का फरार आरोपी पोदो सरदार साथी सहित गिरफ्तार

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *