Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बोदरा चौक पर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बड़े भाई ने लोहे की रॉड से छोटे भाई के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
कुमारडुंगी में नवजात की हत्या का आरोप, दलदली जमीन में दफनाया शव; ग्रामसभा में खुला मामला
विवाद के बाद लोहे की रॉड से किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोदरा चौक के पास किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान 51 वर्षीय अनिल कालुंडिया ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से अपने छोटे भाई राकेश कालुंडिया के सिर पर वार कर दिया। हमले में राकेश के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी अनिल कालुंडिया, स्वर्गीय मथुरा कालुंडिया के पुत्र हैं। वह पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के सिन्नी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कालुंडिया को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल दोनों भाइयों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसका आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है।








