Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में नवजात शिशु की कथित हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने महज चार दिन के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी और घटना को छिपाने के लिए शव को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पुटीसाल के दलदली इलाके में दफना दिया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार महिला ने 22 सितंबर को एक बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि 26 सितंबर की सुबह उसने नवजात की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को पुटीसाल के सुनसान इलाके में ले जाकर जमीन में दफना दिया। घटना के बाद महिला गांव से चली गई थी।
चाईबासा डायन हत्या कांड: अंधविश्वास की आग में मां-बेटे की दर्दनाक मौत
नवजात के गायब होने पर ग्रामीणों को हुआ शक
बच्चे के अचानक गायब होने के बाद ग्रामीणों को संदेह हुआ। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सोमवार को गांव के मुंडा विजय हेम्ब्रम की अगुवाई में ग्रामसभा आयोजित की गई। पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी और शव को दफनाने की जगह बताई।
इसके बाद ग्रामीण महिला को साथ लेकर पुटीसाल के दलदली क्षेत्र में पहुंचे। महिला द्वारा बताए गए स्थान पर खुदाई करने पर नवजात का शव बरामद होने की बात सामने आई।
ग्रामीणों ने महिला को गांव से बाहर किया
शव मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों के अनुसार शव को दोबारा उसी स्थान पर दफना दिया गया। इसके बाद आरोपी महिला, उसके तीन वर्षीय बेटे और उसकी मां को गांव से बाहर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलने पर कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी के अनुसार, अभी तक परिजनों या ग्रामीणों की ओर से कोई लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
http://Saraikela Women Suside: नवजात समेत दो बच्चें की मां ने फांसी लगाकर की आत्महत्या







