Jaintgarh (जैंतगढ़) :झारखंड की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर विभागीय निर्णयों पर जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक नेताओं ने नाराजगी जताई है। शिक्षकों को उनके मूल कार्य पठन-पाठन से हटाकर गैर-शैक्षणिक जिम्मेदारियों में लगाए जाने तथा प्रशिक्षण के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए जाने को लेकर विभाग पर मनमानी का आरोप लगाया गया है।

झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गगराई ने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना लगातार नए प्रयोगों का केंद्र बनती जा रही है। विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी रिपोर्टों में व्यवस्था बेहतर दिखाई जाती है, जबकि धरातल पर स्थिति अलग है। शिक्षकों से पढ़ाई कराने के बजाय क्लर्क, वेंडर और ठेकेदार जैसी जिम्मेदारियां निभाने को कहा जा रहा है, जिससे शिक्षा का मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस युवा मोर्चा के जिला महासचिव गुलजार अंसारी ने विभागीय रवैये पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा एक वर्ग के साथ अलग और दूसरे के साथ अलग व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कक्षा एक से आठ तक पढ़ाने वाले शिक्षकों को कक्षा एक से पांच तथा कक्षा छह से आठ के अलग-अलग वर्गों में बांटकर प्रशिक्षण व्यवस्था में भेदभाव किया जा रहा है।
वर्तमान में विभाग की ओर से तीन दिवसीय गैर-आवासीय सीपीडी प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। कक्षा एक से पांच के शिक्षकों का प्रशिक्षण प्रखंड मुख्यालय में रखा गया है, जबकि कक्षा छह से आठ के शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए चैनपुर, चक्रधरपुर जाना पड़ रहा है। इस व्यवस्था को उन्होंने पक्षपातपूर्ण बताया।
झामुमो जिला सह सचिव संदेश सरदार ने कहा कि कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों के शिक्षकों को चैनपुर में एक ही केंद्र पर प्रशिक्षण देने का निर्णय सवालों के घेरे में है। उन्होंने इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने की बात कही।
भाजपा नेता राई भूमिज ने भी प्रशिक्षण स्थल को अव्यावहारिक बताते हुए कहा कि कड़ाके की ठंड में दूरस्थ स्थान पर प्रशिक्षण आयोजित करना महिला एवं बुजुर्ग शिक्षकों के लिए परेशानी का कारण बनेगा। कई शिक्षकों को डेढ़ से दो सौ किलोमीटर तक की यात्रा करनी पड़ सकती है। उनके अनुसार, रोजाना आने-जाने में वाहन किराये सहित 500 से 1500 रुपये तक खर्च होने की संभावना है।
भाजपा नेता सत्यपाल बेहरा ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने प्रशिक्षण व्यवस्था पर पुनर्विचार कर कक्षा छह से आठ के शिक्षकों का प्रशिक्षण भी प्रखंड मुख्यालय में आयोजित नहीं किया, तो भाजपा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सुविधा और शिक्षा व्यवस्था के हित में विभाग को अपने फैसले पर विचार करना चाहिए।








