मृतक के माता-पिता ने कहा- बाहरी लोगों ने किया हंगामा, हमारी मांग सिर्फ फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी है
आदित्यपुर: निखिल डे हत्याकांड के बाद शेरे पंजाब चौक पर हुए सड़क जाम और पुलिस के साथ झड़प के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों ने किसी भी तरह के प्रदर्शन या सड़क जाम में शामिल होने से स्पष्ट इनकार किया है।

पिता सोमनाथ डे
परिजनों का कहना है कि वे शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर श्मशान घाट जा रहे थे, तभी कुछ अनजान लोग नारेबाजी करते हुए वहां आ धमके और शव को जबरन सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास करने लगे।
मृतक के पिता सोमनाथ डे और चाचा विजय डे ने बताया कि परिवार का कोई भी सदस्य इस उपद्रव में शामिल नहीं था और वे हंगामा करने वाले युवकों को पहचानते तक नहीं हैं। वहीं, मां रूबी डे ने स्पष्ट किया कि परिवार को जाम से कोई लेना-देना नहीं है; उनकी एकमात्र मांग है कि पुलिस गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों के अलावा फरार चल रहे तीसरे मुख्य आरोपी को भी जल्द सलाखों के पीछे भेजे।
माँ रूबी डे
घटना के दौरान सूचना पाकर मौके पर पहुंची आदित्यपुर पुलिस ने जब जाम कर रहे युवकों को हटाने का प्रयास किया, तो वे पुलिसकर्मियों से उलझ गए और हाथापाई शुरू कर दी। स्थिति अनियंत्रित होते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और यातायात बहाल कराया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पुलिस कार्रवाई के वीडियो से इतर, परिजनों के बयान ने मामले की तस्वीर साफ कर दी है।
इस मामले में आदित्यपुर थाना प्रभारी के बयान पर थाना कांड संख्या 33/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक लंबे बाल वाले युवक समेत करीब 25 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अवैध जमावड़ा, उपद्रव, सड़क जाम करने और पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








