Adityapur: एस-टाइप मैदान विवाद: एमएस मॉल के अतिक्रमण का ‘दर्द’ बना विरोध की वजह, हर हाल में होगा सौंदर्यीकरण: पार्षद अंजू सिंह- संजीव सिंह

आदित्यपुर। नगर निगम के वार्ड संख्या-22 स्थित एस-टाइप दुर्गा पूजा मैदान के सौंदर्यीकरण को लेकर कॉलोनी की सियासत गरमा गई है। मंगलवार को हुई वार्ड सभा में पारित 10 प्रस्तावों के विरोध में श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी (सिंहभूम ब्वॉयज क्रिकेट क्लब) और स्थानीय निवासियों के उतरने के बाद बुधवार को वार्ड पार्षद अंजू सिंह और पार्षद प्रतिनिधि संजीव सिंह “बबुआ” ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर पलटवार किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सहमति से पारित सौंदर्यीकरण योजना हर हाल में पूरी होगी।

प्रेस वार्ता में संजीव सिंह ने विरोध के पीछे निजी स्वार्थ का आरोप लगाते हुए मनोज सिंह और उनके ‘एमएस मॉल’ (MS Mall) पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 6-7 वर्षों से मॉल संचालक मनोज सिंह द्वारा मैदान की जमीन का अतिक्रमण कर वहां लोहा-लक्कड़ रखा गया था और पीछे बड़ा गेट खोलकर सैकड़ों गाड़ियां खड़ी की जा रही थीं। कॉलोनीवासियों की शादियों तक में जगह नहीं छोड़ी जाती थी। हाल ही में यह अवैध कब्जा हटने और गेट बंद होने से कुछ लोग तिलमिलाए हुए हैं और दोबारा अतिक्रमण व बालू बेचने की मंशा से आम जनता को गुमराह कर रहे हैं।

 

संजीव सिंह ने 10 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि मैदान पूरी तरह खुला (ओपन) रहेगा। केवल घास और मैदान की सुरक्षा के लिए चारों ओर डेढ़ फीट का गार्डवाल और पीछे 6 फीट की बाउंड्री बनेगी, साथ ही पानी की व्यवस्था के लिए बोरिंग कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यहां पूर्व की तरह दुर्गा पूजा, छठ, शादी-ब्याह और खेलकूद निर्बाध रूप से होंगे।

वहीं, वार्ड पार्षद अंजू सिंह ने विरोधियों के सभा स्थगित करने के दावों को नकारते हुए कहा कि सभा की तिथि तय करने का अधिकार केवल पार्षद के पास है। पूर्व सूचना के आधार पर बहुमत से प्रस्ताव पारित हो चुके हैं और जनहित के इस कार्य से पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *