न्यूनतम मजदूरी व ईएसआई-पीएफ की मांग को लेकर झामुमो के नेतृत्व में आंदोलन जारी; श्रम अधीक्षक की मध्यस्थता के बाद प्रबंधन मांगें मानने को तैयार, लिखित आदेश मिलने तक धरना जारी रखने पर अड़े मजदूर
सरायकेला: गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र फेज-5 स्थित विजयश्री ऑटो कॉम कंपनी प्रबंधन द्वारा लिखित समझौते की अनदेखी किए जाने से नाराज मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व में कंपनी के मुख्य द्वार पर पिछले दो दिनों से जारी अनिश्चितकालीन गेट जाम और जोरदार प्रदर्शन के कारण कंपनी में उत्पादन कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे झामुमो गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी ने बताया कि न्यूनतम मजदूरी सहित मजदूरों की अन्य लंबित समस्याओं को लेकर बीते 27 अगस्त को कंपनी प्रबंधन के साथ लिखित समझौता हुआ था, जिसकी प्रति श्रम विभाग और जिला प्रशासन को भी सौंपी गई थी। आरोप है कि दो महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद प्रबंधन ने झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी लागू नहीं की और केवल 20 से 30 रुपये की मामूली बढ़ोतरी कर खानापूर्ति कर दी।
गतिरोध को समाप्त करने के लिए मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे सरायकेला के श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर धरना स्थल पर पहुंचे और प्रबंधन व मजदूर प्रतिनिधियों के साथ त्रिपक्षीय वार्ता की। वार्ता के बाद श्रम अधीक्षक ने बताया कि न्यूनतम मजदूरी, ईएसआई-पीएफ और बकाया सेटलमेंट को लेकर विभाग व यूनियन के प्रयास से सहमति बन गई है। प्रबंधन ने लगभग सभी मांगें मान ली हैं और बुधवार सुबह तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
हालांकि, भोमरा मांझी ने दो टूक कहा कि मजदूर अब मौखिक आश्वासन पर भरोसा नहीं करेंगे। बुधवार सुबह 11 बजे लिखित समझौता पत्र मिलने और मजदूरों की सहमति के बाद ही आंदोलन समाप्त होगा। मौके पर मौजूद झामुमो जिलाध्यक्ष शुभेंदु महतो और केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए पूरे मामले से मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री को अवगत कराने की बात कही। प्रदर्शन में गणेश महाली, भुगुल सोरेन, प्यारे लाल प्रधान, गौरी टुडू, राजेश गोप, उदय मार्डी, अमृत महतो, लाल बाबू सरदार, बैद्यनाथ टुडू और राम महतो सहित बड़ी संख्या में मजदूर शामिल रहे।








