आदित्यपुर के खरकई नदी तट समेत कई प्रमुख छठ घाटों का किया दौरा, छठ व्रतियों से लिया आशीर्वाद और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की
आदित्यपुर: लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा का आज प्रातः उदीयमान (उगते हुए) भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ ही हर्षोल्लास और श्रद्धापूर्वक समापन हो गया। इस पावन अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार ने आदित्यपुर के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया और भगवान सूर्य की आराधना की।
अपने कार्यक्रम के तहत मेयर संजय सरदार सबसे पहले खरकई नदी घाट पहुंचे, जहाँ उन्होंने जल में खड़े होकर उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया और समस्त नगरवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। अर्घ्य अर्पण के पश्चात उन्होंने घाट पर मौजूद छठ व्रतियों से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा स्थानीय नागरिकों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना।
इसी क्रम में मेयर ने आदित्यपुर स्थित जयप्रकाश उद्यान छठ घाट, सपड़ा छठ घाट, रोड नंबर 32, रोड नंबर 7 तथा कुलुपटांगा छठ घाट का भी दौरा किया। प्रत्येक घाट पर पहुंचकर उन्होंने श्रद्धालुओं और पूजा समिति के सदस्यों के साथ संवाद किया और पर्व की शुभकामनाएं दीं। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मेयर ने व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
महापर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होने पर मेयर संजय सरदार ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने बेहतर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों के लिए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन और पुलिस बल के प्रति हार्दिक आभार प्रकट किया। साथ ही, उन्होंने छठ पूजा समितियों और नगर निगम के सफाई कर्मियों के समर्पण की भी सराहना की, जिनके सहयोग से पूरा पर्व स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सका।








