Chaibasa (चाईबासा) : श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर चाईबासा के सिख समाज की ओर से रविवार की सुबह श्रद्धा और उत्साह के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान पूरा वातावरण गुरुवाणी और कीर्तन से भक्तिमय हो उठा। प्रभात फेरी में महिला, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में साध संगत शामिल हुई।
गुरु नानक देव जी के सद्कर्म एवं विवेक उपदेश सदैव संपूर्ण मानवता को सही राह दिखाते रहेंगे : गीता कोड़ा
प्रभात फेरी की शुरुआत गुरुद्वारा नानक दरबार में हुई, जहां गुरुद्वारे के ग्रंथी हरभजन सिंह जी ने अरदास की। इसके बाद संगत ने सामूहिक रूप से कीर्तन करते हुए प्रभात फेरी प्रारंभ की। इस दौरान श्रद्धालु “सतगुरु नानक प्रगटया, मिटी धुंध जग चानण होआ” का शबद गायन करते हुए आगे बढ़े।

प्रभात फेरी गुरुद्वारा नानक दरबार से निकलकर स्टेशन रोड स्थित जसबीर सिंह के आवास पहुंची। यहां कीर्तन और अरदास की गई। इसके बाद जेएमपी चौक और अमला टोला होते हुए टुंगरी पहुंची, जहां जसपाल सिंह एवं सतपाल सिंह के आवास पर भी गुरुवाणी कीर्तन और अरदास का आयोजन हुआ।
इसके बाद श्रद्धालु पोस्ट ऑफिस चौक, सदर बाजार और बड़ी बाजार होते हुए गुरुद्वारा के समीप सुरेंद्र पाल सिंह के आवास पहुंचे। यहां भी कीर्तन और अरदास के माध्यम से गुरु नानक देव जी का स्मरण किया गया। प्रभात फेरी के मार्ग में जिन-जिन श्रद्धालुओं के घर संगत पहुंची, वहां सभी के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई थी।
अंत में प्रभात फेरी पुनः गुरुद्वारा नानक दरबार पहुंची, जहां अरदास के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इसी के साथ प्रभात फेरी का समापन हुआ।
इस अवसर पर गुरुद्वारा नानक दरबार के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए स्त्री सत्संग सभा और युवा खालसा के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 24 नवंबर को गुरुद्वारा नानक दरबार, चाईबासा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।








