एसपी मनोज स्वर्गियारी के सख्त निर्देश पर आदित्यपुर पुलिस की प्री-एक्टिव कार्रवाई, गैरहाजिर रहने वाले हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर दी गई दबिश
Adityapur (आदित्यपुर) : लोक आस्था का महापर्व छठ आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में इस वर्ष पूरी तरह शांतिपूर्ण और चोरी-मुक्त माहौल में संपन्न हुआ।
पुलिस की मुस्तैदी और सख्त रणनीति के कारण इस बार चोरों के मंसूबों पर पानी फिर गया और क्षेत्र में चोरी की एक भी बड़ी वारदात सामने नहीं आई। इससे घर बंद कर घाटों पर जाने वाले छठव्रतियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से छठ पर्व के दौरान शाम और सुबह के अर्घ्य के समय जब लोग घरों में ताला लगाकर घाटों पर जाते थे, तब चोर सूने घरों को निशाना बनाते थे। इस पुरानी समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी सिंह ने पर्व से पूर्व ही विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने क्षेत्र के करीब 30 पुराने दागियों और हिस्ट्रीशीटरों को थाने बुलाकर उनकी परेड करवाई।

इस दौरान जिन 8 संदिग्धों पर पुलिस को संदेह था, उन्हें एहतियात के तौर पर दोनों अर्घ्य के दौरान थाने के लॉकअप में बंद रखा गया। वहीं, जो दागी पुलिस के बुलावे पर थाने नहीं पहुंचे, उनके घरों पर पुलिस टीम ने दबिश देकर सख्त चेतावनी दी। इसके साथ ही, छठ के दोनों अर्घ्य के दौरान टाइगर मोबाइल की टीमों ने विभिन्न कॉलोनियों, बस्तियों और सुनसान इलाकों में लगातार गश्त की।
पुलिस की इस चौतरफा घेराबंदी के कारण असामाजिक तत्वों को वारदात करने का कोई मौका नहीं मिला। चोरी-मुक्त छठ संपन्न होने पर स्थानीय निवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने एसपी मनोज स्वर्गियारी और आदित्यपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसी ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की उम्मीद जताई है।







