डॉक्टर बनना सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संकल्प है : उपायुक्त राजीव रंजन, नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में मेडनोवा 2026’ का भव्य आयोजन

रैगिंग मुक्त परिसर में अगले साढ़े चार साल तक हम ही आपके अभिभावक हैं : चेयरमैन मदन मोहन सिंह

आदित्यपुर। सितवंती देवी महिला कल्याण संस्थान की इकाई, नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (आदित्यपुर) में बुधवार,

को एमबीबीएस के नए सत्र के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए द्वितीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम ‘मेडनोवा 2026’ (MedNova 2026) का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उपायुक्त (DC) राजीव रंजन उपस्थित रहे। नवप्रवेशी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक डिग्री प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह एक बड़ी जिम्मेदारी और मानवता की सेवा का संकल्प है। उन्होंने छात्रों को सफलता के तीन मूलमंत्र—नॉलेज एंड एक्सीलेंस (ज्ञान और उत्कृष्टता), कम्पैशन एंड ह्यूमैनिटी (करुणा और मानवता) तथा सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सामाजिक जिम्मेदारी)—दिए। उन्होंने कहा कि मरीज अस्पताल में बीमारी के साथ भय और उम्मीद भी लेकर आता है, इसलिए उसे दवा से पहले डॉक्टर के संवेदनशील व्यवहार की आवश्यकता होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में झारखंड के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने का आह्वान किया।

इससे पूर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने 2025 और 2026 बैच के छात्रों तथा उनके अभिभावकों का आभार जताया। उन्होंने आश्वस्त किया कि कॉलेज पूरी तरह रैगिंग मुक्त है और अगले साढ़े चार वर्षों तक संस्थान ही छात्रों के माता-पिता की भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में कोई समझौता नहीं होगा और सत्र एक दिन भी लेट नहीं होगा। उन्होंने जानकारी दी कि बिहार के बिहटा और आदित्यपुर के बाद संस्थान का तीसरा मेडिकल कॉलेज ‘मदन मोहन मेडिकल कॉलेज’ रांची में बन रहा है, जहां 2028 से 150 सीटों पर पढ़ाई शुरू होगी।

 

समारोह में संस्थान के फाउंडर तेज नारायण सिंह सहित सभी फैकल्टी सदस्य व अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. के. एन. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *