आंदोलनकारियों के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, सरकार को अल्टीमेटम : आसमान सुंडी

सूर्य सिंह बेसरा और बुधराम लागुरी को तत्काल सुरक्षा गार्ड देने की मांग, उच्चस्तरीय जांच नहीं हुई तो राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी

Chaibasa (चाईबासा)। झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान और स्वाभिमान को लेकर आंदोलनकारी संगठनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। झारखंड आंदोलनकारी सह पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा तथा आंदोलनकारी सह झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा ने राज्य सरकार को अल्टीमेटम दिया है।

मोर्चा ने मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा सूर्य सिंह बेसरा और बुधराम लागुरी को तत्काल सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

झारखंड आंदोलनकारी

आंदोलनकारी जयसिंह की स्मृति में विधायक दीपक बिरुवा ने बांटा कंबल, बड़ा जयपुर में आंदोलनकारी जयसिंह की पुण्यतिथि मनी

इस मुद्दे पर जिला परिषद स्थित आंदोलनकारी कार्यालय में झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा की बैठक अध्यक्ष आसमान सुंडी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में घटना की कड़ी निंदा करते हुए आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट संघर्ष का आह्वान किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए आसमान सुंडी ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा और बुधराम लागुरी के साथ हुआ दुर्व्यवहार केवल दो व्यक्तियों का अपमान नहीं है, बल्कि झारखंड आंदोलन की संघर्षशील विरासत और आंदोलनकारी समाज के स्वाभिमान पर चोट है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुंडी ने कहा कि झारखंड राज्य हजारों आंदोलनकारियों के संघर्ष, बलिदान और शहादत से अस्तित्व में आया है। आंदोलनकारियों ने अलग राज्य की मांग को लेकर जेल यात्राएं कीं, लाठियां खाईं और अपना जीवन संघर्ष को समर्पित किया। ऐसे लोगों को आज अपने ही राज्य में सम्मान और न्याय के लिए आवाज उठानी पड़ रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

सरकार से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

मोर्चा अध्यक्ष ने राज्य सरकार से पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार यदि मामले को दबाने या टालने का प्रयास करती है, तो आंदोलनकारी चुप नहीं बैठेंगे।

उन्होंने कहा कि आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने के लिए जल्द ही राज्य के सभी प्रमंडलों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके लिए आंदोलनकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

आसमान सुंडी ने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो चाईबासा से उठने वाली आंदोलन की आवाज पूरे झारखंड में गूंजेगी। राज्यव्यापी आंदोलन के परिणामस्वरूप उत्पन्न परिस्थितियों की जिम्मेदारी सरकार की होगी।

सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की मांग

बैठक में झारखंड सरकार से आंदोलनकारी सह पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा और बुधराम लागुरी को तत्काल सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई। मोर्चा का कहना है कि आंदोलनकारियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड आंदोलनकारियों की प्रतिष्ठा, पहचान, अधिकार और आत्मसम्मान से जुड़ा विषय है। अब आंदोलनकारी केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे और सरकार को अपनी कार्रवाई से जवाब देना होगा।

बैठक में आजसू के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष ललित कुमार महतो, दलवीर सिंह, बीरसिंह हेम्बरम, जयसिंह सलबुनिया, सिधेश्वर बिरुवा, शशिकांत ठाकुर, कोलम्बस हसदा, देवीशंकर दत्ता (काबू दत्ता), राजकुमार दास, सुरेंद्र कालुन्डिया, नारायण देवगम, विकास कुमार, राजेश खंडाईत, दामू बानरा, विश्वनाथ बाड़ा, बुधराम लागुरी, सिंगराय पुरती, यदुनाथ हेम्बरम, जुड़न समाड, अखिलेश कुमार वर्मा (राजू) सहित अन्य आंदोलनकारी उपस्थित थे।

 

बैठक के अंत में आंदोलनकारियों ने एकजुट होकर संदेश दिया कि सम्मान से समझौता नहीं होगा, अन्याय के सामने समझौता नहीं होगा और साथियों के अपमान पर खामोशी नहीं बरती जाएगी।

http://झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) की बैठक में जिले के झारखंड- आंदोलनकारी के साथ कई बड़े दिग्गज नेताओं ने थामा पार्टी का दामन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *