प्रेम विवाह का खौफनाक अंत, गर्भवती विवाहिता की हत्या के आरोप में पति, सास-ससुर समेत 4 जेल

आदित्यपुर के जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट में विवाहिता की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दहेज हत्या की धारा में ससुराल पक्ष के चार लोग सलाखों के पीछे

Adityapur (​आदित्यपुर) : सतवाहनी स्थित ‘जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट’ में नवविवाहिता पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आदित्यपुर पुलिस ने कार्रवाई की है।

आदित्यपुर में विवाहिता पिंकी की संदिग्ध मौत: मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप, शव लेकर अपार्टमेंट पहुंचे परिजनों ने काटा बवाल

मृतका के पिता की शिकायत पर दहेज हत्या का मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी पति मनीष शर्मा, ससुर श्याम शर्मा, सास पूनम शर्मा और देवर सतीश शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

 

​कुछ ही महीने पहले प्रेम विवाह के बंधन में बंधी पिंकी के लिए यह रिश्ता काल साबित हुआ। मृतका के पिता ललित महतो (निवासी आदित्यपुर-1, रोड नंबर 3) ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी को लगातार प्रताड़ित करने और बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगाया है।

 

​परिजनों का कहना है कि पिंकी गर्भवती थी, लेकिन ससुराल पक्ष की क्रूरता नहीं थमी। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन पिंकी को बुरी तरह पीटा गया, उसकी छाती और पेट पर वार किए गए। बाद में ससुराल वाले उसे बिना मायके पक्ष या पुलिस को सूचना दिए कार में डालकर ले गए। पहले एमजीएम और फिर रांची स्थित रिम्स ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

​मौत के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर सीधे आरोपी के अपार्टमेंट पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मायके वालों का आरोप है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए छत से कूदने की मनगढ़ंत कहानी रची गई, जबकि अपार्टमेंट के गार्ड और प्रत्यक्षदर्शियों ने बेरहमी से मारपीट की पुष्टि की थी।

​थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नामजद चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

http://आदित्यपुर खाऊ गली में चाकूबाजी, एक युवक की मौत, तीन घायल, पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *