Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सातवाहनी स्थित ‘जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट’ में रहने वाली नवविवाहिता पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका के मायके पक्ष के परिजनों ने पति मनीष शर्मा, सास और देवर पर साजिश रचकर बेरहमी से मारपीट करने और हत्या करने का सीधा आरोप लगाया है। मंगलवार को आक्रोशित परिजन शव लेकर सीधे आरोपी पति के अपार्टमेंट पहुंचे और न्याय की मांग करते हुए जमकर बवाल काटा। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, पिंकी ने कुछ महीने पहले ही मनीष शर्मा के साथ प्रेम विवाह किया था। मृतका की बड़ी मां तारा देवी ने रोते हुए बताया कि ससुराल वाले लगातार पिंकी को प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “घटना से पहले ससुराल से फोन कर धमकी भरे लहजे में पूछा जाता था कि बेटी कूद जाएगी तो क्या कीजिएगा? शनिवार को बेटी से बात कराने के बजाय टालमटोल किया गया। इसके बाद दामाद ने अचानक फोन कर कहा कि पिंकी ने कांड कर दिया है और वह छत से कूद गई है।”
तारा देवी ने आरोप लगाया कि पिंकी कूदी नहीं बल्कि उसे मार डाला गया है। उन्होंने कहा, “अपार्टमेंट के गार्ड ने बताया कि सास उसे घसीट-घसीटकर पीट रही थी। उसके शरीर, पेट और छाती पर रॉड व लातों से बेरहमी से चोट के निशान हैं, हाथ तोड़े गए थे और गला घोंटने की कोशिश की गई थी। वह गर्भवती थी। अगर नहीं रखना था तो हमें लौटा देते। वे बिना पुलिस को सूचना दिए उसे लेकर इधर-उधर भागते रहे।”

मृतका के परिजन निशांत ने बताया कि शनिवार को ससुराल वालों ने झगड़ा कर पिंकी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके बाद उसे पहले एमजीएम और फिर रांची रिम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।








