पश्चिमी सिंहभूम पुलिस की विशेष टीम ने किया मामले का खुलासा, जमीन विवाद समेत आपसी रंजिश के पहलुओं की हुई जांच
Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में मां और बेटी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, इस दोहरे हत्याकांड की जांच तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो गांव के टोला टोपासाई निवासी 68 वर्षीय कुनी कुई बिरुवा और उनकी 27 वर्षीय बेटी नामसी बिरुवा की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद दोनों के शव जंगल में स्थित एक गुफा के अंदर छिपा दिए गए थे। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर मामले की जांच शुरू की थी।
इस संबंध में मंझारी थाना कांड संख्या 59/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
विशेष टीम गठित कर की गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, स्थानीय स्तर पर पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने सात लोगों को प्राथमिक अभियुक्त के रूप में चिह्नित किया। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर जंगल के गुफानुमा स्थान से दोनों शव बरामद किए गए।
जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश का भी सामने आया पहलू
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि जून-जुलाई 2026 से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद के कारण परिवार के सदस्यों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस ने इसी पारिवारिक विवाद और आपसी रंजिश के पहलुओं की जांच की है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे कुनी कुई और उनकी बेटी नामसी की हत्या कर दी गई थी। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को जंगल में स्थित गुफा में ले जाकर छिपाया गया था।
गिरफ्तार किए गए सात आरोपी
पुलिस ने इस मामले में निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- यदुनाथ बिरुवा उर्फ याडू (31 वर्ष)
- लादुरा बिरुवा (50 वर्ष)
- राजा राम बिरुवा (34 वर्ष)
- देवेंद्र बिरुवा उर्फ चंद्र बिरुवा
- माहती बिरुवा (35 वर्ष)
- दुर्गा कोड़केल उर्फ लखन कोड़केल (32 वर्ष)
- त्रिभुवन बिरुवा (36 वर्ष)
सभी आरोपी मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो और आसपास के गांवों के निवासी बताए गए हैं।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल
इस हत्याकांड के उद्भेदन में पुलिस पदाधिकारी ब्रह्मानंद टुटी, मंझारी थाना प्रभारी दिलीप साय मांझी, अनुसंधानकर्ता जितेंद्र कुमार तथा मंझारी थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
http://चाईबासा: टेंसरा हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, मृतक के बड़े भाई और भाभी गिरफ्तार







