गम्हरिया लाल बिल्डिंग चौक पर झारखंड क्षत्रिय संघ ने छठ व्रतियों के बीच बांटी पूजन सामग्री, घाटों पर लगेगा विशाल सेवा शिविर

पिछले आठ वर्षों से लगातार महापर्व पर समाज सेवा कर रहा है संघ; नारियल, गन्ना सहित अन्य सामग्री वितरण से व्रतियों को मिली बड़ी राहत

गम्हरिया: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर झारखंड क्षत्रिय संघ (गम्हरिया इकाई) द्वारा लाल बिल्डिंग चौक पर भव्य सेवा शिविर लगाकर छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का निशुल्क वितरण किया गया।

कार्यक्रम में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह एवं स्थानीय वार्ड पार्षद धनंजय गुप्ता मुख्य रूप से शामिल हुए। मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह ने कहा कि झारखंड क्षत्रिय संघ की प्रत्येक इकाई अपने-अपने क्षेत्रों में छठ महापर्व के उपलक्ष्य में व्रतियों की सेवा में जुटी है। उन्होंने बताया कि संघ विगत आठ वर्षों से लगातार यह पुनीत कार्य कर रहा है। कदमा और मानगो में वितरण के बाद गम्हरिया में यह आयोजन किया गया है। इसके अतिरिक्त खरकई पुल स्थित सबसे बड़े छठ घाट पर भी एक विशाल शिविर लगाया जाएगा, जहां व्रतियों व श्रद्धालुओं के लिए पूजा की समस्त सामग्री, दीया, माचिस के साथ-साथ चाय, बिस्किट और पकौड़ी की निशुल्क व्यवस्था रहेगी।

वहीं, वार्ड पार्षद धनंजय गुप्ता ने कहा कि क्षत्रिय समाज द्वारा स्टॉल लगाकर नारियल और गन्ना आदि के वितरण से व्रतियों को काफी सहूलियत मिल रही है। उन्होंने कहा कि पूरे भारतवर्ष में छठ पर्व बड़ी धूमधाम व आस्था से मनाया जा रहा है और भविष्य में भी समाज सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

इस सफल आयोजन में केंद्रीय सचिव वीरेंद्र सिंह, अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद सिंह, महामंत्री अरविंद सिंह, संरक्षक विनोद सिंह, सुरेश सिंह, अनय सिंह, भगवान सिंह, युवा अध्यक्ष अमरजीत सिंह, कोषाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह सहित पंकज सिंह, छोटन सिंह, सतेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह, देवेश सिंह, राकेश सिंह चंदेल, मानिक चंद्र दास, बृजेश पति तिवारी, सुनील सिंह और मुकेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *