शेरे पंजाब चौक के पास बंद कार्यालय से धुआं उठता देख मची अफरा-तफरी; शॉर्ट सर्किट बताई जा रही आग लगने की मुख्य वजह, वेंटिलेशन न होने से फैला घना धुआं
आदित्यपुर: आदित्यपुर स्थित शेरे पंजाब चौक से सटे व्यावसायिक परिसर ‘मिश्रा सेंटर’ में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह आग परिसर में स्थित ‘पैंथर सिक्योरिटी’ के बंद कार्यालय में लगी थी। आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय सिक्योरिटी ऑफिस का गेट बाहर से बंद था। दोपहर के वक्त आसपास के दुकानदारों ने बंद ऑफिस के भीतर से घना धुआं निकलते देखा, जिसके बाद तुरंत शोर मचाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय दुकानदारों ने बिना समय गंवाए कार्यालय का दरवाजा खुलवाया और अपने स्तर पर पानी व उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
चाईबासा में 156 साल पुरानी दुर्गापूजा परंपरा का भव्य आगाज, महाषष्ठी पर खुले मां दुर्गा के पट
इस दौरान घटना की सूचना तत्काल झारखंड अग्निशमन विभाग (फायर ब्रिगेड) को भी दी गई। हालांकि, दमकल की गाड़ी के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा सुनिश्चित की।
बताया जा रहा है कि कार्यालय के अंदर हवा निकलने (वेंटिलेशन) की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण धुआं और आग की तपिश पूरे कमरे में भर गई थी, जिससे राहत कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं। गनीमत रही कि समय रहते धुआं देख लिया गया, अन्यथा आग मिश्रा सेंटर की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि ऑफिस में रखे कुछ सामान को नुकसान पहुंचा है।
http://जमशेदपुर के मोनी बाबा मंदिर के सामने गौशाला में लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका








