गम्हरिया में किडविले इंटरनेशनल प्ले स्कूल के नन्हे बच्चों की सराहनीय पहल, छठ व्रतियों को बांटी 251 सूप पूजन सामग्री

केला, गन्ना, गागर नींबू व पूजा सामग्री वितरित कर बच्चों ने दिया लोक आस्था के महापर्व और सामाजिक सेवा का संदेश

सरायकेला : लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत सतबोहनी धिराजगंज स्थित किडविले इंटरनेशनल प्ले स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शुक्रवार को सराहनीय पहल की।

स्कूल के विद्यार्थियों ने छठ व्रतियों के बीच श्रद्धापूर्वक पूजन सामग्री और फलों का वितरण कर समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने स्वयं आगे बढ़कर उत्साह के साथ व्रतियों को सामग्री सौंपी।

स्कूल के यूकेजी कक्षा के छात्र शिवाय अक्षय ने बताया कि सभी बच्चों ने मिलकर छठ व्रतियों के बीच पारंपरिक सूप में केला, गन्ना, गागर नींबू (ग्रेपफ्रूट) सहित विभिन्न प्रकार के ऋतु फल वितरित किए। इसके साथ ही पूजा में उपयोग होने वाले सिंदूर, अगरबत्ती और अन्य आवश्यक सामग्रियां भी सूप में रखकर प्रदान की गईं।

किडविले इंटरनेशनल प्ले स्कूल की प्रबंध निदेशक पायल अक्षय ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बच्चों के माध्यम से छठ पूजा सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बार कुल 251 सूपों में छठी मइया को अर्पित किए जाने वाले प्रसाद व पूजन सामग्री को सुसज्जित कर व्रतियों के बीच वितरित किया गया।

 

उन्होंने बताया कि स्कूल के निदेशक पंकज अक्षय के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर विद्यालय प्रबंधन, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने इस पुनीत कार्य में बच्चों का भरपूर सहयोग किया। सभी ने मिलकर पूजन सामग्री की पैकिंग करने और उसके सुचारु वितरण में बच्चों की मदद की। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, छठ पर्व की परंपराओं और इसके धार्मिक महत्व से जोड़ना है। छोटी उम्र में बच्चों की इस सामूहिक भागीदारी की स्थानीय लोगों ने भी जमकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *