सभी थाना प्रभारियों को गश्ती बढ़ाने, छठ घाटों की निगरानी करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने का आदेश; असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
सरायकेला: आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयरि की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक आयोजित इस बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान मुख्य रूप से पिछले माह के लंबित कांडों के निष्पादन, अपराध नियंत्रण और वर्तमान विधि-व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। इसके साथ ही, छठ पूजा के मद्देनजर सभी थाना क्षेत्रों में की गई सुरक्षा तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया गया। वरीय अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सख्ती से सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का संधारण सुनिश्चित करें।
निर्देश में कहा गया कि छठ घाटों की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सादे लिबास में पुलिसकर्मियों और महिला बल को तैनात करने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए ट्रैफिक प्लान को सख्ती से लागू करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों व असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने की हिदायत दी गई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या विधि-व्यवस्था में खलल डालने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से भी प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को देने की अपील की गई है।








