Chaibasa (चाईबासा) : कोल्हान की साहित्यिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर नई उपलब्धि मिलने जा रही है। हो भाषा के चर्चित साहित्यकार एवं कवि डोबरो बुड़ीउली को भगवान बिरसा मुंडा राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 के लिए चयनित किया गया है। उन्हें यह सम्मान 15 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा।

आधुनिक इंडिया फाउंडेशन, नई दिल्ली की ओर से दिए जाने वाले इस सम्मान के लिए डोबरो बुड़ीउली का चयन उनके साहित्यिक योगदान, सामाजिक कार्यों, समर्पण और समाज के प्रति उल्लेखनीय सेवाओं को देखते हुए किया गया है। फाउंडेशन की ओर से 10 नवंबर को जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से उन्हें चयन की जानकारी दी गई है।
आयोजन समिति के मुताबिक, पुरस्कार के लिए चयन करते समय जनजातीय कल्याण, सामुदायिक विकास, सामाजिक नेतृत्व, शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में किए गए योगदान को आधार बनाया गया है। इस सम्मान का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरित होकर जनजातीय समाज के उत्थान और विकास के लिए काम करने वाले व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना है।
पुरस्कार वितरण समारोह 15 नवंबर को नई दिल्ली स्थित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के स्वर्ण जयंती ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इसी दिन भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस भी मनाया जाएगा।
डोबरो बुड़ीउली के इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित होने की खबर से पश्चिमी सिंहभूम और पूरे कोल्हान क्षेत्र के साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक जगत में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और साहित्य प्रेमियों ने इसे हो भाषा और जनजातीय साहित्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।







