Adityapur: छठ से पहले खरकई तट पर कचरे का अंबार, आस्था के केंद्र पर बदबू और अव्यवस्था से लोगों में भारी आक्रोश

आदित्यपुर (Adityapur): लोक आस्था के महापर्व छठ के नजदीक आते ही आदित्यपुर स्थित जीवनदायिनी खरकई नदी के तटों पर कचरे का अंबार दिखने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में तीव्र आक्रोश व्याप्त है।

रोड नंबर 32 स्थित केसरी गैस गोदाम के पीछे तथा वार्ड 28 स्थित छठ घाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर भारी मात्रा में डंप किए गए कचरे ने क्षेत्र को बदबूदार और दूषित बना दिया है।

​स्थानीय निवासियों और राजनीतिक प्रतिनिधियों का आरोप है कि कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण करने के बजाय नगर निगम प्रशासन जेसीबी लगाकर उसे वहीं समतल कर मिट्टी में दबाने की कोशिश कर रहा है। इससे न केवल पर्यावरण को क्षति पहुंच रही है, बल्कि छठ व्रतियों की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी ठेस लग रही है।

​हालांकि, ‘आस्था से स्वच्छता’ अभियान के तहत ग्रीन कैप्स फाउंडेशन जैसे सामाजिक संगठन नगर निगम के सहयोग से कुछ घाटों पर श्रमदान कर रहे हैं, लेकिन कई प्रमुख इलाकों में बदइंतजामी अब भी बरकरार है। स्थानीय लोगों ने निगम पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है—एक तरफ सफाई के बड़े दावे, तो दूसरी तरफ पवित्र नदी के तट पर ही डंपिंग यार्ड जैसी स्थिति। श्रद्धालुओं ने मांग की है कि महापर्व से पूर्व नदी तट से कचरे का संपूर्ण उठाव कर त्वरित सैनिटाइजेशन कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *