Adityapur News: कुलुपटांगा छठ घाट पर बनेंगे 10 प्रसाधन कक्ष, गोताखोरों और मेडिकल टीम की तैनाती की मांग

आदित्यपुर। छठ महापर्व को लेकर आदित्यपुर-2 स्थित ऐतिहासिक कुलुपटांगा छठ घाट पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष घाट पर 10 प्रसाधन कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों और मेडिकल टीम की तैनाती की मांग जिला प्रशासन से की गई है।

इस संबंध में देर रात आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के आवास पर श्री श्री राम मंदिर नवयुवक दुर्गा पूजा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विनय कृष्ण राजू ने की। बैठक में छठ महापर्व की तैयारियों और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

व्रतियों के लिए निःशुल्क दूध और आम के दातुन की व्यवस्था

बैठक में निर्णय लिया गया कि कुलुपटांगा छठ घाट पर महिलाओं की सुविधा और स्वच्छता के लिए 10 प्रसाधन कक्ष बनाए जाएंगे। साथ ही घाट और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। समिति की ओर से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क गाय का दूध तथा आम के दातुन भी वितरित किए जाएंगे।

समिति के सदस्यों ने घाट की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि अब तक नगर निगम की ओर से साफ-सफाई का कार्य शुरू नहीं किया गया है। नदी के रिवर बेड की सफाई के साथ घाट की सीढ़ियों से राधास्वामी स्थल तक उगी झाड़ियों की कटाई जरूरी है। झाड़ियों के कारण पार्किंग और श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी हो सकती है।

इसके अलावा आदित्यपुर कॉलोनी से छठ घाट तक जाने वाली सड़क और रास्ते में स्थित नालियों की सफाई भी अब तक नहीं हुई है। समिति ने नगर निगम से जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और पूरे रास्ते को साफ कराने की मांग की है।

 

सुरक्षा के लिए गोताखोर और मेडिकल टीम की तैनाती जरूरी

छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समिति ने जिला प्रशासन से घाट पर पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों और तैराकों की तैनाती करने का आग्रह किया है। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम, प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।

 

समिति ने नगर निगम एवं जिला प्रशासन से घाट की सफाई, नदी तल की सफाई, झाड़ियों की कटाई, सड़क एवं नालियों की सफाई, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी जरूरी कार्य अविलंब पूरा कराने की अपील की है।

 

समिति ने संकल्प लिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और व्रतियों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अपने स्तर से हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

 

बैठक में ओमप्रकाश सिंह, संतोष चौबे, नीरज सिंह, संजय, अजय पांडे, चुन्नू एवं स्वप्निल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

जय छठी मैया!

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *