Chaibasa (चाईबासा): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रमाय गागराई को गिरफ्तार कर लिया है।
3 नवंबर को घर से खेलने निकली थी बच्ची
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची 3 नवंबर को रोज की तरह अपने घर से खेलने के लिए निकली थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला।
इस दौरान गांव के कुछ बच्चों ने बताया कि उन्होंने बच्ची को जंगल की ओर जाते हुए देखा था। इसके बाद ग्रामीणों ने जंगल और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन तेज कर दी।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर की पूछताछ
तलाश के दौरान ग्रामीणों को जानकारी मिली कि गांव का रहने वाला रमाय गागराई घर पर मौजूद नहीं है। उसके भाई से पूछताछ करने पर पता चला कि वह बनाईकेड़ा गया हुआ है। इसके बाद बच्ची के मामा समेत करीब दस ग्रामीण बनाईकेड़ा पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और पकड़े जाने के डर से पत्थर से कुचलकर हत्या करने की बात बताई। आरोपी के बताए स्थान पर जंगल से बच्ची का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना गांव के मुंडा के माध्यम से मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
की बात कही है। इस जघन्य वारदात से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामले में स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषी को कठोर सजा दिलाने की बात कही है।








