आदित्यपुर: श्रीश्री सार्वजनिक काली पूजा कमिटी एवं मां अंबे यूथ स्पोर्टिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में हरिओम नगर स्थित एलएफ मैदान में निर्मित भव्य पूजा पंडाल का शनिवार की रात विधिवत उद्घाटन हुआ।

पंडाल का उद्घाटन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर रविवार मध्य रात्रि में मां काली की विशेष पूजा-अर्चना का संकल्प लिया गया, वहीं उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा भोजपुरी भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।

इस वर्ष यह पूजा पंडाल सनातन धर्म ग्रंथ ‘गरुड़ पुराण’ पर आधारित ‘नरक लोक’ की अनूठी थीम पर तैयार किया गया है। पंडाल की बनावट और सजावट के जरिए समाज को पाप और पुण्य का आईना दिखाते हुए नैतिक आचरण का कड़ा संदेश दिया जा रहा है। प्रदर्शनी में जीवंत दृश्यों के माध्यम से दर्शाया गया है कि पृथ्वी पर हत्या, बलात्कार, लूट और चोरी जैसे जघन्य अपराध करने वाले अधर्मियों को यमराज के दरबार में कर्मों के अनुसार किस प्रकार भयानक यातनाएं दी जाती हैं।
पंडाल के भीतर खौलते तेल की विशाल कड़ाही, विषैले सर्पदंश और यमदूतों द्वारा दिए जाने वाले खौफनाक दंड के सजीव दृश्य श्रद्धालुओं के रोंगटे खड़े कर रहे हैं। आयोजकों का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ आम जनमानस में अपराध और कुकर्मों के प्रति भय तथा धर्म के प्रति निष्ठा जगाना है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष डॉ. जे. एन. दास, चंचल गोस्वामी, बबलू सोरेन, शानू सिंह, बबलू सिंह, मनोज सिंह, नीरू सिंह ,अमरनाथ ठाकुर, संजय शर्मा और नीरू सिंह सहित कई गणमान्य लोग एवं भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।








