Adityapur (आदित्यपुर) : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर-2, एमआईजी कॉलोनी स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में श्री चित्रांश महापरिवार कल्याण समिति के तत्वावधान में कायस्थ समाज द्वारा चित्रगुप्त पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई।
इस पावन अवसर पर पूरे समाज और परिवार के लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पुरोहित आचार्य भोला तिवारी के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से कलम-दवात और भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में यजमान के रूप में अमित सिन्हा ने पूजन संपन्न कराया। हवन और आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच भोग प्रसाद का वितरण किया गया।
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंदिर परिसर में एक भव्य पारिवारिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के बच्चों और युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके उपरांत सभी उपस्थित बंधुओं के लिए स्नेहपूर्ण प्रीतिभोज आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में चित्रांश परिवारों ने भाग लिया।
समारोह को सफल बनाने में समिति के संस्थापक सह मुख्य संरक्षक रंजन प्रदीप, अध्यक्ष भैया सूरज भूषण प्रसाद, महासचिव मधुकर श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार, उपाध्यक्ष नवनीत सिन्हा, गुंजन नन्दन सहाय, नीरज सिन्हा तथा सचिव रोहित सिन्हा, आलोक श्रीवास्तव एवं मनोज सिन्हा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति के पदाधिकारियों ने समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने के संकल्प को दोहराया।








