Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा पुलिस केंद्र में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को पुलिस स्मरण दिवस के अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

चाईबासा में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में कोल्हान क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) राहुल देव बड़ाइक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी सहित विभिन्न पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर वीर जवानों को नमन किया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों एवं उनके आश्रितों से भी संवाद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने पर चर्चा की। इस अवसर पर पुलिस विभाग ने शहीद परिवारों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच झारखंड में तीन पुलिसकर्मी शहीद हुए। इनमें दुमका जिले में सड़क जाम हटाने के दौरान शहीद हुए पुलिस अवर निरीक्षक हेमंत भगत तथा पलामू जिले में नक्सली मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए आरक्षी सुनील राम और आरक्षी सनातन कुमार महतो शामिल हैं।
पुलिस स्मरण दिवस के अवसर पर कोल्हान डीआईजी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद जवानों का त्याग और बलिदान पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले इन वीर जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ उनके परिवारों के प्रति सम्मान, सहयोग और संवेदना व्यक्त करना रहा।








