Gamharia (गम्हरिया) : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्टेशन के पास मुरकुम पाखुर गोड़ा इलाके में कथित मांस की बिक्री को लेकर भारी तनाव पैदा हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय गौ रक्षा कार्यकर्ता रोनित गोराई और श्रवण गोराई समर्थकों संग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में सैकड़ों ग्रामीण भी जुट गए और हंगामा शुरू हो गया।

चाईबासा में गौ सम्मान अभियान के तहत निकाली गई रैली, गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग
माहौल बिगड़ता देख कार्यकर्ताओं ने तुरंत पुलिस को खबर दी। सूचना पाते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मौके से बालीगुमा निवासी मुजाहिद अंसारी को हिरासत में ले लिया, जबकि उसका भाई अब्दुल सलाम भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़े गए व्यक्ति ने मौके पर मांस बेचने की बात कबूल की, हालांकि मांस की असलियत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
घटनास्थल पर मिली एक ग्लैमर बाइक ने मामले को और उलझा दिया है। बाइक की नंबर प्लेट के दोनों तरफ अलग-अलग नंबर दर्ज हैं, जिससे इसके चोरी की होने की आशंका गहरा गई है।
घटना से आक्रोशित लोग गम्हरिया थाने पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मांस और पशु तस्करी का धंधा फल-फूल रहा है। बार-बार शिकायत के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने से पुलिस प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद मांस के नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है और संदिग्ध बाइक के साथ-साथ फरार आरोपी की तलाश जारी है।







