बूथ कार्यकर्ता से प्रदेश नेतृत्व तक का सफर तय करने पर पार्टी नेताओं और समर्थकों ने आवास पहुंचकर दी बधाई
आदित्यपुर। भारतीय जनता पार्टी के समर्पित एवं संघर्षशील नेता मनोज तिवारी को झारखंड प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद से ही आदित्यपुर और आसपास के क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और हर्ष का माहौल है। नियुक्ति की सूचना मिलते ही उनके आवास पर वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकर्ताओं का तांता लग गया, वहीं सोशल मीडिया पर भी बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है।

मनोज तिवारी का राजनीतिक सफर संगठन की सबसे निचली इकाई यानी एक बूथ स्तरीय कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ था। अपनी कार्यक्षमता और निष्ठा के दम पर उन्होंने युवा मोर्चा जिला कार्यसमिति सदस्य, युवा मोर्चा जिला मंत्री, भाजपा मंडल अध्यक्ष और लगातार दो कार्यकाल तक भाजपा जिला मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर संगठन को मजबूती प्रदान की। अब प्रदेश स्तर पर मिली इस नई जिम्मेदारी को उनके लंबे संघर्ष और जमीनी जुड़ाव का परिणाम माना जा रहा है।
अपनी नियुक्ति पर राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी निष्ठा से खरे उतरेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के विस्तार के साथ-साथ राज्य के किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर बधाई देने वालों में आरआईटी मंडल के पूर्व अध्यक्ष ब्रह्मानंद झा, पंकज सिंह, रणधीर गुप्ता, स्वप्निल सिंह, निरंजन मिश्रा, सूरज भोला, मंडल अध्यक्ष अमरेश गोस्वामी, किशन प्रधान, गणेश कालिंदी, श्याम बाबू दास, अजय मिश्रा, धनंजय कुमार, अभिषेक पराशर, राकेश त्रिपाठी, प्रकाश रंजन, अभिषेक ओझा, चंदन सिंह, गोलू, सुजीत, विकास, संदीप एवं टिंकू झा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।








