सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों व छठ घाटों पर अतिरिक्त पुलिस बल की हुई तैनाती
आदित्यपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आरआईटी (RIT) थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है।
इसी क्रम में शनिवार को विधि-व्यवस्था संधारण एवं आम जनमानस में सुरक्षा का विश्वास जगाने के लिए आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत परासर के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च आरआईटी थाना परिसर से शुरू होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों, बाजार क्षेत्रों और विभिन्न छठ घाटों की ओर जाने वाले रास्तों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल के जवानों ने पैदल गश्त कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थाना प्रभारी रविकांत परासर ने बताया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, हुड़दंग या यातायात अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से थाना क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और छठ घाटों के प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जो असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखेंगे।
थाना प्रभारी ने स्थानीय नागरिकों एवं छठ पूजा समितियों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में पुलिस का सहयोग करें।








