छठ व्रतियों के बीच नि:शुल्क एक क्विंटल दूध, अगरबत्ती, दिया-बाती और पूजन सामग्री का वितर
विधायक ने छठ को बताया आडंबर रहित प्रकृति पूजा, नई पीढ़ी को पूजा और उत्सव का अंतर समझने की दी सलाह
आदित्यपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर आदित्यपुर स्थित खरकई टीओपी नदी घाट के समीप झारखंड क्षत्रिय युवा संघ द्वारा छठ व्रतियों की सहायता के लिए भव्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने फीता काटकर किया। इस शिविर के माध्यम से छठ व्रतियों के बीच अर्घ्य हेतु दूध, अगरबत्ती, माचिस, दिया-बाती, फूल, दातुन सहित हवन एवं पूजन की अन्य आवश्यक सामग्रियों का नि:शुल्क वितरण किया गया।

उद्घाटन के पश्चात विधायक सरयू राय ने कहा कि उन्हें प्रतिवर्ष इस सेवा शिविर में आने का सौभाग्य प्राप्त होता है, जिससे व्रतियों को बड़ी सहूलियत मिलती है। उन्होंने छठ पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पूर्ण रूप से प्रकृति और ऊर्जा की आराधना का पर्व है, जिसमें किसी प्रकार का आडंबर या औपचारिकता नहीं होती। डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देना सनातन संस्कृति की निरंतरता और समरसता का प्रतीक है, जहाँ बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लोग एक साथ पूजा करते हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि छठ और नवरात्रि जैसे पर्व आराधना और आंतरिक शक्ति बढ़ाने के लिए हैं, जबकि होली और दिवाली उत्सव के पर्व हैं। समाज को पूजा और उत्सव के इस अंतर को समझकर अपनी सनातन संस्कृति को संरक्षित करना चाहिए।
वहीं, झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह ने बताया कि संघ विगत 10 वर्षों से बृहद पैमाने पर छठ महाव्रतियों की सेवा कर रहा है। इस वर्ष भी एक क्विंटल दूध सहित पूजन की हर छोटी-बड़ी सामग्री काउंटर पर उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास और कठोर नियमों का पालन करना आसान नहीं है, इसलिए युवा टीम पिछले 10 दिनों से व्रतियों की सेवा की तैयारी में जुटी हुई है। इस मौके पर आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, संरक्षक नंद कुमार सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष शिव शंकर सिंह, संरक्षक मंटू सिंह, सोना देवी यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रभाकर सिंह, प्रमोद सिंह, देवी सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, मनोज सिंह, दिनेश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।








