पूर्व विधायक अरविंद सिंह व डिप्टी मेयर अंकुर सिंह की देखरेख में 16 वर्षों से जारी है सेवा कार्य; विधायक सरयू राय समेत कई गणमान्य हुए शामिल
आदित्यपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर प्रवीण सिंह सेवा संस्थान की ओर से जयप्रकाश उद्यान छठ घाट पर भव्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। संस्थान के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह तथा अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह की देखरेख में विगत 16 वर्षों से निरंतर यह सेवा कार्य संचालित हो रहा है।
इस वर्ष शिविर के माध्यम से छठ व्रतियों को निःशुल्क पूजन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। संस्थान के अध्यक्ष अंकुर सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए चाय, पेयजल व अन्य आवश्यक पूजन सामग्रियों की समुचित व्यवस्था की गई है। एक नई पहल के तहत इस वर्ष 350 छठ व्रतियों के बीच भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पीतल का लोटा और कच्चा दूध वितरित किया गया, ताकि उन्हें पूजा में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि पहले यह शिविर उनके पिताजी के समय ‘इनसाइड झारखंड न्यूज़’ के नाम से लगता था, जिसे बाद में प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के बैनर तले आगे बढ़ाया गया। इसके अतिरिक्त, नगर निगम की ओर से सभी घाटों पर व्रतियों की सुविधा हेतु चेंजिंग रूम भी बनाए गए हैं।

वहीं, पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने समस्त क्षेत्रवासियों को महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ प्रकृति और मानव के बीच सामंजस्य का अद्भुत पर्व है, जहां बिना किसी पुरोहित के व्रती स्वयं भगवान सूर्य की आराधना करते हैं। उन्होंने बताया कि घाट पर साफ-सफाई, ब्लीचिंग का छिड़काव, प्रकाश व्यवस्था तथा शाम व सुबह के अर्घ्य के लिए कच्चे दूध, पूजन सामग्री और चाय-पानी का पूरा प्रबंध किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कतारबद्ध होकर अनुशासित ढंग से पर्व मनाने की अपील की। शिविर में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह, संरक्षक नंद कुमार सिंह समेत क्षत्रिय संघ के सभी पदाधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।








