पुलिस जवानों को उड़ाने को नक्सलियों ने लगाए थे प्रेशर बम, 50 वर्षीय ग्रामीण की हो गई मौत

Chaibasa:- नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र के रेंगड़ाहातु जंगल में सुरक्षाबलों को उड़ाने के लिए बिछायी गयी लैंड माइन के फटने से लकड़ी काटने गये 50 वर्षीय चैतन्य कोड़ा की मौत हो गयी है । 12 बजे घाटी घटना में नक्सलियो की ओर से जंगल में बिछाये गये प्रेशर बम पर उसका पैर पड़ गया और बम विस्फोट हो गया।

इसमें ग्रामीण का पैर, हाथ समेत पूरा शरीर बुरी तरह जख्मी हो गया। बम विस्फोट की आवाज गांव में काफी दूर तक सुनाई दी। कुछ ग्रामीण बम धमाके वाले स्थल की ओर गये तो देखा कि एक ग्रामीण बुरी तरह जख्मी होकर जमीन पर पड़ा हुआ है। इसके बाद टोंटो थाने को घटना की सूचना दी गयी। पुलिस व सीआरपीएफ के जवान रविवार की शाम करीब चार बजे रेंगड़ाहातु गांव पहुंचे और एंबुलेंस के सहारे जख्मी ग्रामीण को चाईबासा के सदर अस्पताल लाया गया।

मृतक चैतन्य के पुत्र बहादुल कोड़ा ने बताया कि वो लोग रेंगाड़ाहातु गांव के रहने वाले हैं। पिता रविवार की सुबह 12 बजे लकड़ी लाने के लिए जंगल गये थे। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि पूरे क्षेत्र में सर्च आपरेशन चल रहा है। पिछले दिनों हम लोगों ने कुछ आईईडी बरामद भी की थी। नक्सलियों ने रेंगड़ाहातु समेत अन्य स्थानों पर आइईडी बिछा रखी हैं। दुर्भाग्यवश ग्रामीण का पैर उस पर पड़ गया और बम धमाका हो गया। इस घटना में किसी अन्य के जख्मी होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *