आदित्यपुर: नगर निकाय चुनाव की रणभेरी बजते ही वार्ड 31 में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलने लगे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी करुणलता मिश्रा के पक्ष में उमड़ रहे जनसैलाब ने अन्य उम्मीदवारों की चिंता बढ़ा दी है। रोड नंबर 11 से 14 तक किए गए सघन जनसंपर्क अभियान में महिलाओं की रिकॉर्ड भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस बार जनता ‘सेवा और समर्पण’ को प्राथमिकता देने वाली है।
पांच साल का संघर्ष बनाम सत्ता का रसूख
करुणलता मिश्रा ने मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले चुनाव में मिली हार के बावजूद वे एक दिन के लिए भी जनता से दूर नहीं हुईं। बिना किसी सरकारी पद के बीते पांच वर्षों तक वार्ड की समस्याओं के लिए सड़कों पर उतरना ही आज उनकी सबसे बड़ी ताकत बन गया है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “मेरा संघर्ष पद के लिए नहीं, बल्कि अपने वार्ड की खुशहाली के लिए था और आज जनता उसी का फल आशीर्वाद के रूप में दे रही है।”
समर्थकों को धमकाने का आरोप: ‘डर का नहीं, विकास का होगा राज’
प्रचार के दौरान एक गंभीर मुद्दा उठाते हुए करुणलता ने विरोधियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके समर्थकों को डराया-धमकाया जा रहा है और बाहरी लोग घरों में जाकर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि वार्ड की जनता स्वाभिमानी है और वह किसी भी दबाव में नहीं आने वाली। ‘बदलाव’ का मन बना चुके मतदाता अब केवल विकास और ईमानदारी पर मुहर लगाएंगे।








