आदित्यपुर | अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे के आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। महिला सशक्तिकरण की एक शानदार मिसाल पेश करते हुए आदित्यपुर-आसनसोल पैसेंजर ट्रेन का संपूर्ण परिचालन पूरी तरह से महिला रेल कर्मियों द्वारा संपन्न कराया गया। लोको पायलट से लेकर गार्ड और चेकिंग स्टाफ तक, इस ट्रेन की सुरक्षा और संचालन की पूरी कमान महिलाओं ने बखूबी संभाली।
DRM और वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
इस गरिमामयी अवसर पर चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण कुमार हुरिया मुख्य रूप से उपस्थित थे। उन्होंने महिला रेल कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस पहल को रेलवे के आधुनिकीकरण और समावेशी संस्कृति की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। ट्रेन के प्रस्थान से पूर्व स्टेशन परिसर में एक संक्षिप्त उत्सव भी आयोजित किया गया, जिसमें एरिया रेल प्रबंधक (ARM) समीर सौरभ की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से मुकेश सिंह, कौशिक दास, आशीष सिंह मौजूद रहे।
दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन (SERMU) की सक्रिय भागीदारी
इस ऐतिहासिक पल का गवाह दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन (SERMU), रनिंग शाखा आदित्यपुर के सदस्य भी बने। यूनियन के पदाधिकारियों ने महिला कर्मचारियों के कौशल और साहस की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं और रेलवे का सफल परिचालन इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेल कर्मियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ महिला टीम का स्वागत किया, जो इस दिवस को आदित्यपुर के लिए यादगार बना गया।








