आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी के बीच एक राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। ‘सर्वदलीय आदित्यपुर विकास मंच’ (तीसरा मोर्चा) ने आधिकारिक तौर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित मेयर प्रत्याशी भुगलू सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन को अपना समर्थन देने की घोषणा की है। इस रणनीतिक गठबंधन से क्षेत्र में चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं।
नगर निकाय चुनाव सुरक्षा निरीक्षण: संवेदनशील बूथों पर पुलिस अलर्ट

विरोधियों में मचेगा हड़कंप: गणेश चौधरी
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी ने कहा कि तीसरा मोर्चा का समर्थन मिलने से भुगलू सोरेन की स्थिति बेहद मजबूत हो गई है। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही कुछ ऐसी बड़ी घोषणाएं की जाएंगी, जिससे विपक्षी खेमे में हड़कंप मचना तय है।

विकास को धरातल पर उतारने का संकल्प
झामुमो के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी गणेश महाली ने भाजपा के दावों पर पलटवार करते हुए कहा कि सभी दल अपनी जीत का दम भर रहे हैं, लेकिन जनता का फैसला झामुमो के पक्ष में आएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मेयर चुनाव जीतने के बाद भुगलू सोरेन राज्य सरकार के समन्वय से आदित्यपुर के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।
बेहतर आदित्यपुर का निर्माण ही मुख्य लक्ष्य
तीसरा मोर्चा के संयोजक संजीव आचार्य ने गठबंधन का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि एक बेहतर और विकसित आदित्यपुर के निर्माण के लिए हमने भुगलू सोरेन को समर्थन दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद यहाँ मूलभूत समस्याओं का अंबार है, जिसे दूर करना हमारी प्राथमिकता होगी।
प्रत्याशी भुगलू सोरेन ने जनता का आभार जताते हुए दावा किया कि मतदाता दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास के नाम पर उन्हें वोट देंगे। इस अवसर पर मुख्य रूप से संयोजक संजीव आचार्य, अध्यक्ष बुलेट नारायण सिंह, झामुमो नगर अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान समेत कई वार्डों के प्रत्याशी और गणमान्य सदस्य मौजूद थे।








