Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर के एस टाइप चौक पर सोमवार देर रात भीषण आगजनी की घटना घटी। इस हादसे में आई टाइप’ ब्लॉक के समीप स्थित ‘बाबू पान दुकान’ सहित दो दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की सक्रियता से पास में ही स्थित बिजली के ट्रांसफार्मर को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।
देर रात शुरू हुआ तांडव
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 12:00 बजे की है। दुकानों में आग संभवतः शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। रात का समय होने और दुकानें बंद होने के कारण शुरुआती दौर में किसी को भनक नहीं लगी। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, दुकान के अंदर रखे पटाखों ने जब आग पकड़ी, तो वे फटने लगे। पटाखों के धमाकों की आवाज़ और उठती लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सामाजिक कार्यकर्ता और प्रशासन की पहल
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय एस टाइप निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता संजीव उर्फ बबबुआ सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए फौरन दूसरी गाड़ी भी मंगानी पड़ी।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद नियंत्रण
दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों दुकानों में रखा सारा सामान राख हो चुका था। दुकानदारों को इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग बगल में लगे बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर तक पहुंच जाती, तो पूरी कॉलोनी और मुख्य मार्ग पर स्थिति भयावह हो सकती थी। फिलहाल, पुलिस और दमकल विभाग आग के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
http://Chaibasa News: अलाव तापते समय साड़ी में लगी आग, पांच माह पहले शादी हुई महिला की दर्दनाक मौत









