आदित्यपुर: आदित्यपुर-1 स्थित रिवर व्यू कॉलोनी के श्री श्री शिव संकट मोचन हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व अत्यंत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण भक्तिमय भजनों और बजरंगबली के जयकारों से गुंजायमान रहा।
आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए कमेटी अध्यक्ष नगीना सिंह, मीडिया प्रभारी नीरज मिश्रा, राकेश सिंहा, सुनील कुमार वर्मा, सतीश राय और नवीन कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में सुबह से ही भारी उत्साह देखा गया।

धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत सुबह विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद सामूहिक सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। संध्या काल में आयोजित महाआरती कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
भक्तों की भारी उपस्थिति से पूरा मंदिर परिसर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के समापन पर कमेटी के अध्यक्ष नगीना सिंह ने सभी क्षेत्रवासियों को हनुमान जन्मोत्सव की बधाई देते हुए बजरंगबली से सभी के मंगल की कामना की।








