Adityapur (आदित्यपुर) : आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के मद्देनजर बुधवार को चुनावी सरगर्मियां जियाडा (JIADA) कार्यालय परिसर में चरम पर रहीं। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, पार्षद पद के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रेक्षक (Observer) के समक्ष अपने खर्च का पहला लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस प्रक्रिया के दौरान जियाडा परिसर में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ के कारण काफी गहमागहमी देखी गई।

तीन चरणों में देना होगा खर्च का विवरण
निर्वाचन आयोग द्वारा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चुनावी खर्च के ब्यौरे को तीन अलग-अलग तिथियों में जमा करना अनिवार्य किया गया है।
• पार्षद प्रत्याशी: इनके लिए खर्च का ब्यौरा देने की तिथियां 11 फरवरी, 15 फरवरी और 19 फरवरी निर्धारित की गई हैं।
• मेयर प्रत्याशी: महापौर पद के उम्मीदवारों को 12 फरवरी, 16 फरवरी और 20 फरवरी को आयोजित कैंप में अपना विवरण प्रस्तुत करना होगा।
• खर्च की सीमा और प्रक्रिया
सभी प्रत्याशियों को प्रशासन की ओर से एक विशेष ‘बुकलेट’ प्रदान की गई है। इसमें विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग कॉलम बने हुए हैं, जिनमें विज्ञापन, जनसभा, वाहन और अन्य प्रचार सामग्रियों पर हुए खर्च का सटीक विवरण भरना है। फॉर्म जमा करने के बाद ऑब्जर्वर द्वारा प्रत्याशियों को पावती (Receipt) दी जा रही है।
नियमों के अनुसार, मेयर पद के लिए अधिकतम खर्च की सीमा 15 लाख रुपये तय की गई है, जबकि पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए यह सीमा 3 लाख रुपये निर्धारित है। यदि कोई प्रत्याशी इस सीमा का उल्लंघन करता है या गलत जानकारी देता है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।








