आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां)।आदित्यपुर (पान दुकान के समीप) स्थित इंडियन ऑयल के प्रमुख पेट्रोल पंप ‘आशियाना फ्यूल एंड सर्विस सेंटर’ में शुक्रवार को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘आईओ कॉर्नर’ का विधिवत उद्घाटन हुआ। इसका उद्घाटन इंडियन ऑयल, बिहार राज्य कार्यालय के राज्य खुदरा बिक्री प्रमुख राजीव कुमार ने किया। समारोह में इंडियन ऑयल के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा कई गणमान्य लोग, स्थानीय डीलर और ग्राहक मौजूद रहे।

एक छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं
उद्घाटन के बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए राजीव कुमार ने कहा कि इंडियन ऑयल देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी है और उपभोक्ताओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर क्षेत्र के सबसे अधिक बिक्री वाले इस रिटेल आउटलेट पर आईओ कॉर्नर की शुरुआत इसी कड़ी का अहम हिस्सा है। इससे ईंधन भरवाने आने वाले ग्राहक उसी समय चाय-कॉफी, स्नैक्स और रोजमर्रा की जरूरी खाद्य सामग्री भी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि बिहार और झारखंड में सुधा जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स के साथ टाई-अप कर ऐसे आउटलेट्स का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर भ्रम दूर किया
एथेनॉल ब्लेंडिंग पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि माइलेज घटने या इंजन खराब होने का दावा महज कोरी अफवाह और मिथक है। भारत सरकार द्वारा स्वीकृत यह ईंधन पूरी तरह लैब-सर्टिफाइड और जांचा-परखा है। वैश्विक स्तर पर इसका उपयोग हो रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देश के किसानों व राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। उन्होंने ग्राहकों से बेझिझक इसका इस्तेमाल करने की अपील की।

समारोह में ये रहे उपस्थित
मौके पर उप महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी) बिपिन कुमार, उप महाप्रबंधक (फ्लीट मार्केटिंग) सत्यजीत भुइयां, रांची मंडल खुदरा बिक्री प्रमुख प्रदीप पॉल, जमशेदपुर मंडल संस्थागत व्यवसाय प्रमुख अभिषेक सोरखे के साथ-साथ तरण अग्रवाल, चंद्रभूषण, आरती देवी, मनोज कुमार, उदय प्रताप सिंह देव, संजोग कुमार, मुकेश कुमार और राकेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।







