Chatra (चतरा), झारखंड : रेड बर्ड एविएशन का एयर मेडिकल एम्बुलेंस विमान सोमवार शाम रांची से दिल्ली जाने के दौरान चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार दो पायलट, डॉक्टर, नर्स, मरीज और उनके परिजनों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
राउरकेला-हटिया रेलखंड पर मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, 10 बोगियां पटरी से उतरीं, रेल यातायात बाधित
एटीसी से टूटा संपर्क, हाई अलर्ट जारी
जानकारी के अनुसार, यह एयर एम्बुलेंस राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान सोमवार शाम करीब 7:34 बजे अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से इसका संपर्क टूट गया। संपर्क टूटते ही विमानन अधिकारियों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया और संबंधित एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया।
रडार डेटा और अंतिम लोकेशन के आधार पर बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। देर रात विमान का मलबा चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास जंगल में बरामद किया गया।

एसपी ने सात मौतों की पुष्टि की
चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने पुष्टि की है कि दुर्घटना में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एयर एम्बुलेंस के पायलट, डॉक्टर, नर्स, मरीज और उनके परिजन शामिल हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया।
मृतकों की पहचान
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है –
1. पायलट कैप्टन विवेक विकास भगत
2. सह पायलट सबराजदीप सिंह
3. मरीज संजय कुमार
4. परिजन अर्चना देवी
5. परिजन धुरु कुमार
6. डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता
7. नर्स सचिन कुमार मिश्रा
दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू
नागरिक उड्डयन विभाग, सुरक्षा एजेंसियों और विशेषज्ञ टीमों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर खराब मौसम, तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की जांच की जा रही है। ED CAP (Emergency Data Centralized Action Plan) के तहत पूरे मामले की मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
इलाके में शोक और दहशत का माहौल
हादसे के बाद करमाटांड़ गांव और आसपास के इलाकों में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना देकर राहत कार्य में सहयोग किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।








