Chaibasa (चाईबासा) : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)–सह–उपायुक्त चंदन कुमार ने रविवार को चाईबासा स्थित टाटा कॉलेज परिसर में डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को संबोधित किया। इस दौरान चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के लिए गठित मतदान दलों एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

चाईबासा: चाईबासा नगर परिषद निर्वाचन 2026: मतदान कर्मियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन संपन्न
उपायुक्त ने कहा कि जिले के दोनों नगर परिषद क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्र सीसीटीवी निगरानी में रहेंगे। उन्होंने सभी मतदान दलों को निर्देश दिया कि 23 फरवरी 2026, सोमवार को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान की पूरी प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार स्वच्छ, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराएं।

87 मतदान केंद्रों पर होगा मतदान
चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में कुल 38 मतदान केंद्र तथा चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में 49 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस प्रकार दोनों क्षेत्रों में कुल 87 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा।
इन मतदान केंद्रों के लिए 87 मतदान दल गठित किए गए हैं, जिनमें कुल 435 मतदान कर्मी तैनात हैं। इनमें 87 पीठासीन पदाधिकारी, 87 प्रथम मतदान पदाधिकारी (पी1), 87 द्वितीय (पी2), 87 तृतीय (पी3) और 87 चतुर्थ मतदान पदाधिकारी (पी4) शामिल हैं।

मतदान सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था
बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के लिए 136 तथा चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के लिए 108 मतपेटियां उपलब्ध कराई गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में कुल 1250 पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा मतदान कार्य के संचालन के लिए 40 वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।
मतपत्र का रंग और सुविधा
मतदाताओं की सुविधा के लिए अध्यक्ष पद के चुनाव हेतु हल्का गुलाबी रंग का मतपत्र तथा वार्ड पार्षद पद के चुनाव हेतु सफेद रंग का मतपत्र रखा गया है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्राप्त शिकायतों के निवारण के लिए हेल्पलाइन एवं नियंत्रण कक्ष 23 फरवरी तक सक्रिय रहेगा। मतदाता मोबाइल नंबर 9835220231 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में संपन्न हुई प्रक्रिया
डिस्पैच सेंटर पर चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक एजाज़ अनवर तथा चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक उत्तम प्रसाद की मौजूदगी में मतदान दलों को रवाना किया गया।
http://चाईबासा नगर परिषद चुनाव 2026: अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी







