साइबर ठगी : चाईबासा पुलिस ने 16.92 लाख की ठगी मामले में दूसरे साइबर अपराधी को पाकुड़ से दबोचा

Chaibasa (चाईबासा) : पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने ‘जीवन प्रमाण पत्र’ अपडेट करने के नाम पर एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी से 16 लाख 92 हजार रुपये की ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में दूसरे साइबर अपराधी को झारखंड के पाकुड़ जिले से गिरफ्तार किया है।

साइबर ठगी, cyber thagi chaibasa jivan praman patra dhokhadhadi
साइबर ठगी का दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

शादी.कॉम से नंबर लेकर युवती को ब्लैकमेल, बोकारो से साइबर अपराधी गिरफ्तार

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के करलाजोड़ी निवासी परमेश्वर पुरती (रिटायर्ड बैंककर्मी) ने 13 नवंबर 2025 को साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। अपराधियों ने ऑनलाइन प्रक्रिया का झांसा देकर उनके खाते से बड़ी रकम निकाल ली थी। मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 185/2025 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

 

विशेष टीम ने की कार्रवाई :

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय, चाईबासा के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सबसे पहले साइबर टोल फ्री नंबर 1930 पर संपर्क कर विवादित बैंक खातों को होल्ड कराया। तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ी।

पुलिस ने इस मामले में पूर्व में 6 दिसंबर को मो० सकीर अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। सकीर अंसारी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर ठगी की राशि निकालने के लिए एटीएम कार्ड मुहैया कराने वाले दूसरे आरोपी की पहचान की गई।

पाकुड़ से हुआ गिरफ्तार :

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी मो० इकबाल अहमद (उम्र करीब 32 वर्ष) को पाकुड़ जिले के पकुड़िया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार मो० इकबाल ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और इस गिरोह में शामिल अन्य साइबर अपराधियों के नाम भी बताए हैं।

गिरफ्तार आरोपी के पास से जब्त सामान में OPPO कंपनी का एक एंड्रॉइड मोबाइल, 10 जियो कंपनी के सिम कार्ड।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अंजान कॉल या व्यक्ति के कहने पर अपनी निजी जानकारी या बैंक विवरण साझा न करें। साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

http://चाईबासा पुलिस ने 16.92 लाख रुपये की साइबर ठगी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार