गम्हरिया : गम्हरिया स्थित श्रीराम डिवाइन एकेडमी में शिक्षक दिवस धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करने के साथ हुई।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के डायरेक्टर श्रीराम यादव ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन शिक्षा और उच्च जीवन मूल्यों के प्रतीक थे। उन्होंने कहा, “डॉ. राधाकृष्णन एक सामान्य शिक्षक से देश के उपराष्ट्रपति और राष्ट्रपति पद तक पहुंचे। उनके नाम के आगे ‘सर्वपल्ली’ लगना उनके सर्वगुण संपन्न और प्रखर शिक्षाविद् होने का प्रमाण है। देश में कई बड़े पद हैं, लेकिन शिक्षक ही ऐसा पद है जिसके सम्मान में दिवस मनाया जाता है। शिक्षकों की महानता तभी सार्थक है जब वे निष्ठापूर्वक बच्चों के भविष्य निर्माण में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें।” उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के जीवन को संवारने का संकल्प लेने और छात्र-शिक्षक संबंध को मजबूत करने का आह्वान किया।

समारोह में विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए, जिनमें गीत, नृत्य और लघु नाटिकाएं शामिल रहीं। छात्र-छात्राओं ने गुरुजनों को उपहार व शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल वंदना सिंह राज और वाइस प्रिंसिपल हेमंत कुमार कर्ण मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षकगण—नितेश कुमार, मुकेश महतो, देव श्री देवनाथ, रंजना तिवारी, प्रियंका हाजरा, अनुश्री मैती, सुशीला कुमारी, जयश्री अवस्थी, सुमंतनी कुमारी, विवेकानंद प्रमाणिक, प्रभा तिवारी और वीरेंद्र कुमार राय मौजूद थे। अंत में शिक्षकों के अतुलनीय योगदान की सराहना के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।








