चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन, चाईबासा की आम सभा सह सम्मान समारोह का आयोजन भव्य रूप से किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश ठक्कर ने की।
चाईबासा: गुरुद्वारा नानक दरबार में पोह माह की संगरांद श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाई गई
कार्यक्रम में मंचासीन मुख्य अतिथि झारखंड केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (JCDA) के महासचिव सुभाष मंडल रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रांतीय अध्यक्ष के प्रतिनिधि आशीष चटर्जी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष कृष्णा कांत, संगठन सचिव पंकज छाबड़ा, रांची केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के संगठन सचिव राजीव रंजन, पूर्वी सिंहभूम केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष संजय कसेरा, कार्यकारिणी सदस्य दिनेश प्रसाद एवं गुरप्रीत सिंह सोढ़ी उपस्थित रहे।
मंच पर पश्चिम सिंहभूम एसोसिएशन के सचिव रमेश खिरवाल, उपाध्यक्ष स्वप्न दत्ता, संगठन सचिव रजत घोष भी मौजूद रहे।
अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, माला, अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर किया गया। स्वागत संबोधन में अध्यक्ष सतीश ठक्कर ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं प्रिंट-इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए दवा विक्रेताओं से संगठन से जुड़े रहने, लाइसेंस समय पर नवीनीकरण कराने तथा सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
सचिव रमेश खिरवाल (लड्डू) ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी सदस्यों से अपने प्रतिष्ठानों में लाइसेंस, जीएसटी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), प्रतिष्ठान का नाम बोर्ड स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने, साफ-सफाई एवं व्यवस्थित संचालन रखने, शेड्यूल-एच की रिपोर्ट, कैश मेमो का संधारण तथा फ्रिज नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। साथ ही जिन सदस्यों ने सदस्यता नवीनीकरण फॉर्म जमा नहीं किया है, उनसे शीघ्र जमा करने की अपील की गई।
प्रांतीय कोषाध्यक्ष कृष्णा कांत ने कहा कि दवा विक्रेता समाज के स्वास्थ्य से सीधे जुड़े हैं, इसलिए व्यापार के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझना आवश्यक है।
प्रांतीय संगठन सचिव पंकज छाबड़ा ने पश्चिम सिंहभूम जिले के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए स्वर्गीय संतोष खिरवाल, सीताराम रुंगटा, अशोक जैन, नंदलाल रुंगटा सहित अन्य वरिष्ठों के योगदान को नमन किया और संगठन को मजबूत बनाने में सदस्यों की भूमिका पर जोर दिया।
प्रांतीय अध्यक्ष के प्रतिनिधि आशीष चटर्जी ने युवाओं को आगे लाने, वरिष्ठों के अनुभव का लाभ लेने तथा दवा व्यवसाय से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने की बात कही।
मुख्य अतिथि सुभाष मंडल ने दवा अधिनियम एवं एसोसिएशन के निर्देशों के पालन को अनिवार्य बताते हुए कोडीन व अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि ऐसे तत्वों की पहचान कर औषधि नियंत्रण विभाग को सूचना दी जाएगी और JCDA सदैव ईमानदार दवा विक्रेताओं के साथ खड़ी है।
इस अवसर पर झारखंड केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान किया गया तथा चाईबासा की स्मृति स्वरूप प्रतीक चिह्न भेंट किया गया।
बैठक के अंत में शोक सभा आयोजित कर रांची के औषधि निरीक्षक स्वर्गीय अमित कुमार, पश्चिम सिंहभूम के सदस्य जगदीश चौधरी, उज्ज्वल बनर्जी (हिंदुस्तान मेडिकल, बड़ा जामदा), सपन भट्टाचार्जी (अशोक मेडिकल, चक्रधरपुर) के निधन पर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मंच संचालन कोषाध्यक्ष रितेश मुंधड़ा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य राकेश बुधिया ने दिया। बैठक में मनीष अग्रवाल, अभिजीत गोस्वामी, राजकुमार केडिया, मो. बादशाह, सव्यसाची राय, राकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में दवा व्यवसायी एवं दवा कंपनी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
http://चाईबासा भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में मंडल अध्यक्षों का चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न










