गुवा संवाददाता। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे अवदाब के असर से झारखंड-ओडिशा सीमा से सटे सारंडा क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु और आसपास के पहाड़ी इलाकों में करीब 36 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इसके साथ तेज ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ है। खराब मौसम का असर स्कूली बच्चों पर भी देखने को मिला। कई बच्चे बारिश के बीच छाता और रेनकोट के सहारे स्कूल जाते नजर आए। वहीं, बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ रही। बारिश के चलते स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर भी असर पड़ा है।
मूसलाधार बारिश से बोकना पुल पर चढ़ा पानी, गुवा-बड़ाजामदा मार्ग बाधित
बोकना में लोहा पुलिया डूबी
लगातार बारिश के कारण गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर बोकना गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास कारो नदी पर बनी लोहा पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई है। कारो नदी का पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा है। इससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों के लिए जोखिम बढ़ गया है।
पुलिया पर पानी का बहाव जारी रहने के कारण प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है। जलस्तर और बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पुलिया पार नहीं करने की अपील
गुवा प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पुलिया के ऊपर से पानी बहने के दौरान उसे पार करने का प्रयास न करें। तेज बहाव के बीच नदी या पुलिया पार करने की कोशिश दुर्घटना का कारण बन सकती है।
प्रशासन ने लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा नदी, नालों और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। साथ ही मछली पकड़ने के लिए नदी में उतरने से भी लोगों को रोकने की अपील की गई है।
http://चाईबासा में भारी बारिश से जलजमाव, चार लोग मलबे में दबे; प्रशासन ने संभाला मोर्चा







