गम्हरिया: प्रखंड अंतर्गत जगन्नाथपुर पंचायत की मुखिया सिमरन सामड के शव का अंतिम संस्कार रविवार को बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट में किया गया। इससे पूर्व जगन्नाथपुर स्थित उनके आवास से शव यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में जगन्नाथपुर पंचायत के लोग शामिल हुए।

सभी ने नवनिर्वाचित मुखिया के असामयिक निधन को अपूरणीय क्षति बताया। हसमुख मिजाज और कार्य के लिए हमेशा तत्पर रहने वाली मुखिया के मृत्यु से पूरे जगन्नाथपुर पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर देखी गई। रविवार सुबह टीएमएच शीतगृह से शव जगन्नाथपुर आवास लाया गया जहां से शव यात्रा प्रारंभ हुई। इनके पति चंद्रमोहन सामड ने शव को मुखाग्नि दी। गौरतलब है कि दिवंगत मुखिया अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गयी हैं। जिसमें पति समेत दो बच्चे शामिल हैं। शव यात्रा में मुख्य रूप से गम्हरिया थाना प्रभारी राजीव कुमार, भाजपा नेता रमेश हांसदा, उप मुखिया रिंटू देवी ,पंचायत समिति सदस्य आरती देवी,अमरेश कुमार ,वार्ड सदस्य जगजीवन महतो ,वीरेंद्र राय ,कमलदेव राय समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।








