Jamshedpur (जमशेदपुर) : मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राय उर्फ बल्लू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पूछताछ में हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की डंडे, पत्थर, लकड़ी से हमला करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर मानगो थाना में कांड संख्या 145/2026 दर्ज किया गया। इस मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) कृपम त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही इस हत्याकांड में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। गिरफ्तार आरोपियों में साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय शामिल हैं।
इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली कि मामले का मुख्य आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राय उर्फ बल्लू (24 वर्ष) गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई 2026 को उसे बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में सिदगोड़ा थाना में लूट का मामला तथा वर्ष 2023 और 2025 में ओलीडीह और मानगो थाना में हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल सभी प्रमुख आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है।








