गुवा संवाददाता। मनोहरपुर से बड़ाजामदा और किरीबुरू को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर छोटानागरा पंचायत के तितलीघाट गांव के पास पुल का एक बड़ा हिस्सा टूट गया है। पुल के बीच बने गहरे होल के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
यह सड़क सारंडा क्षेत्र को झारखंड के अन्य हिस्सों के अलावा ओड़िशा के बड़बिल और राउरकेला जैसे प्रमुख औद्योगिक शहरों से जोड़ती है। प्रतिदिन इस मार्ग से बड़ी संख्या में भारी मालवाहक वाहन, यात्री वाहन और ग्रामीणों के छोटे-बड़े वाहन आवागमन करते हैं। ऐसे में पुल के क्षतिग्रस्त होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले भी इसी स्थान पर पुल का हिस्सा खराब हुआ था। उस समय इसकी मरम्मत कराई गई थी। अब दोबारा उसी जगह पुल के टूटने से मरम्मत की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि केवल ऊपर से मरम्मत कराने के बजाय पुल की पूरी संरचना की तकनीकी जांच कराई जाए।
लोगों का कहना है कि लगातार भारी वाहनों की आवाजाही से क्षतिग्रस्त हिस्सा और फैल सकता है। रात के समय स्थिति और खतरनाक हो जाती है, क्योंकि पुल पर बने गड्ढे का समय रहते पता नहीं चल पाता।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही दुर्घटना रोकने के लिए क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की गई है।
लोगों का कहना है कि समय रहते स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत नहीं कराई गई तो पुल का क्षतिग्रस्त हिस्सा और बड़ा होकर आवागमन को प्रभावित कर सकता है।







