मनोहरपुर को मिली रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव शुरू गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का भव्य स्वागत, सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने दिखाई हरी झंडी; यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

मनोहरपुर, एर्नाकुलम एक्सप्रेस

मनोहरपुर: पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन खास रहा। लंबे समय से की जा रही मांग आखिरकार पूरी हुई और टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू हो गया। ट्रेन के पहले ठहराव को लेकर स्टेशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का स्वागत किया।

ट्रेन के मनोहरपुर पहुंचने पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने यात्रियों एवं ट्रेन का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।

लंबे संघर्ष के बाद पूरी हुई मांग

कार्यक्रम में सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर में एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस दिन को मनोहरपुर समेत आसपास के इलाकों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

सांसद ने कहा कि सिंहभूम संसदीय क्षेत्र के जिन हिस्सों में बेहतर रेल सुविधा की जरूरत है, वहां यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर आए दिन लगने वाले जाम का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जरूरी है और इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

मनोहरपुर, एर्नाकुलम एक्सप्रेस

सारंडा सवारी ट्रेन के नियमित परिचालन की मांग

विधायक जगत माझी ने कहा कि कोरोना काल से पहले मनोहरपुर क्षेत्र में जिस तरह रेल सेवाएं और यात्री सुविधाएं उपलब्ध थीं, उन्हें फिर से बहाल कराने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने रेल अधिकारियों से सारंडा सवारी गाड़ी का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की।

विधायक ने कहा कि सारंडा क्षेत्र के लिए यह ट्रेन बेहद महत्वपूर्ण है। इसके परिचालन में बार-बार व्यवधान आने से गरीब और मध्यमवर्गीय यात्रियों को परेशानी होती है। उन्होंने मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों में रेल सुविधाओं के और विस्तार की भी मांग रखी।

भाजपा नेता जेबी तुबिद ने गिनाई रेल विकास की उपलब्धियां

भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के नेतृत्व में रेलवे के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मनोहरपुर स्टेशन को अन्य महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सुविधा भी मिल सकती है।

ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत

एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पहुंचते ही स्थानीय लोगों में उत्साह देखते ही बना। लोगों ने ढोल-नगाड़े बजाकर और गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का स्वागत किया। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। लोगों ने इस सुविधा के लिए जनप्रतिनिधियों और रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, बड़कुंवर गागराई, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए. दोदराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, बंधना उरांव, अशोक बांदा, विजय सिंह गागराई समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

मुख्य बिंदु:

– मनोहरपुर स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव शुरू
– पहली बार ठहराव पर स्टेशन में दिखा उत्सवी माहौल
– ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ हुआ ट्रेन का स्वागत
– सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने दिखाई हरी झंडी
– रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मांग फिर उठी
– सारंडा सवारी गाड़ी के नियमित परिचालन की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

मनोहरपुर, एर्नाकुलम एक्सप्रेस

मनोहरपुर को मिली रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव शुरू गाजे-बाजे के साथ ट्रेन का भव्य स्वागत, सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने दिखाई हरी झंडी; यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

Adityapur:आदित्यपुर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की रही धूम: पूर्व सीएम चंपई सोरेन बोले— ‘भगवान कृष्ण का जीवन अन्याय के खिलाफ सबसे बड़ी सीख’, डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने कहा— ‘धार्मिक अनुष्ठानों से मजबूत होता है आपसी भाईचारा’