आदित्यपुर: समाज के प्रति अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) को निभाते हुए, देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह आरएसबी (RSB) ग्रुप ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक क पहल की है। आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्री एसके बेहरा ने’मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग यूनिट का विधिवत शुभारंभ किया।

इस गरिमामय अवसर पर आरएसबी फाउंडेशन की डायरेक्टर प्रियंका बेहरा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। यह पहल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाने और समय पर इलाज सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
सुदूर क्षेत्रों तक पहुँचेगी चिकित्सा सेवा
उद्घाटन के दौरान श्री एसके बेहरा ने कहा कि कैंसर एक ऐसी बीमारी है जिसका यदि सही समय पर पता चल जाए, तो जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा, “अक्सर ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों के लोग जागरूकता और संसाधनों की कमी के कारण जांच नहीं करा पाते। हमारी यह मोबाइल यूनिट उन लोगों के दरवाजे तक पहुँचेगी और उन्हें विश्व स्तरीय स्क्रीनिंग सुविधा प्रदान करेगी।”

आधुनिक तकनीकों से लैस है यूनिट
आरएसबी फाउंडेशन की डायरेक्टर प्रियंका बेहरा ने इस यूनिट की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह मोबाइल वैन केवल एक वाहन नहीं, बल्कि चलता-फिरता अस्पताल है। इसमें मैमोग्राफी, सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग और अन्य प्राथमिक जांच के लिए अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। फाउंडेशन का लक्ष्य महिलाओं और बुजुर्गों के बीच कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना है।
फाउंडेशन का संकल्प
आरएसबी फाउंडेशन लंबे समय से शिक्षा, पर्यावरण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय रहा है। इस मोबाइल यूनिट के जरिए फाउंडेशन का लक्ष्य आने वाले महीनों में हजारों लोगों की स्क्रीनिंग करना है। कार्यक्रम में समूह के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस कदम को समाज के लिए एक “जीवन रक्षक” पहल बताया।








